October 27, 2026

ऐंठी गांव में 1 जनवरी से बहेगी राम भक्ति की अविरल धारा

0
IMG-20251221-WA0132.jpg

प्रमोद कुमार सोनवानी की रिपोर्ट

मरवाही। विकासखंड के ऐंठी (धरहर) गांव में स्थित सिद्ध बाबा डोंगरी में आगामी 1 जनवरी 2026, गुरुवार से अखंड नवधा रामायण का भक्तिमय आयोजन प्रारंभ होने जा रहा है। यह पावन आयोजन 9 जनवरी 2026, शुक्रवार तक लगातार नौ दिनों तक चलेगा। विशेष बात यह है कि इस वर्ष यह आयोजन अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिससे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।

*आध्यात्मिक चेतना का संचार होगा

आयोजन के दौरान पूरे नौ दिनों तक गांव राममय वातावरण में डूबा रहेगा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान  की संगीतमय रामचरित मानस की कथा का निरंतर पाठ किया जाएगा। रामायण के नवधा भक्ति प्रसंगों का सस्वर पाठ, भजन-कीर्तन और चौपाइयों की मधुर प्रस्तुति से संपूर्ण क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार होगा।

*21वर्षों से यह आयोजन*

ग्रामीणों के अनुसार अखंड नवधा रामायण केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की आस्था, परंपरा और सामूहिक एकता का प्रतीक बन चुका है। बीते 21 वर्षों से यह आयोजन बिना किसी व्यवधान के निरंतर होता आ रहा है, जिसमें ग्रामवासी तन-मन-धन से सहयोग करते हैं। आयोजन की तैयारियां पहले से ही समितियों के द्वारा प्रारंभ हो चुकी हैं।

*आयोजन स्थल पर दिन-रात रामनाम की गूंज सुनाई देगी*

हर वर्ष की भांति इस बार भी दूर-दराज के क्षेत्रों से मानस श्रोता, श्रद्धालु एवं रामभक्त बड़ी संख्या में सिद्ध बाबा डोंगरी पहुंचकर कथा श्रवण करेंगे। आयोजन स्थल पर दिन-रात रामनाम की गूंज सुनाई देगी और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहेगा।

*ग्रामवासियों का कहना है*

ग्रामवासियों का कहना है कि अखंड नवधा रामायण से गांव में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, धर्म और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का भी माध्यम है।

निस्संदेह, 1 से 9 जनवरी तक ऐंठी गांव में राम भक्ति की गंगा अविरल बहेगी, जहां श्रद्धालु भगवान श्रीराम की कथा में डूबकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *