October 27, 2026

हसौद में चोरी की घटनाएं बेकाबू, एक ही घर में दो बार चोरी – श्रद्धा मोबाइल के बाहर से बाइक भी उड़ा ले गए चोर…

0
IMG-20250627-WA00111.jpg

सक्ती। जिले के हसौद नगर में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने आम नागरिकों की नींद उड़ा दी है। बीते दिनों प्रेमलता भार्गव के घर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर 20,000 रुपये नगदी चुरा ली थी। हैरानी की बात यह है कि इस घटना के एक सप्ताह बाद फिर से उसी घर को चोरों ने निशाना बनाया और ताले तोड़ दिए। इससे क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।

पीड़िता प्रेमलता भार्गव ने बताया, “पहली चोरी के बाद हमने पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद की थी, लेकिन कोई परिणाम नहीं आया। अब दूसरी बार फिर से घर में चोरी हुई है। यह बेहद डराने वाली स्थिति है। परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है।”

पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। जांच की बात कही जा रही है, लेकिन इलाके में लगातार हो रही घटनाओं से लोगों का भरोसा डगमगाने लगा है।

इसी के साथ एक अन्य चोरी की घटना में, हसौद स्थित श्रद्धा मोबाइल दुकान के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल को चोरों ने पार कर दिया। यह पूरी वारदात दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बावजूद इसके, चोर अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि अगर सीसीटीवी फुटेज होने के बाद भी चोर नहीं पकड़े जाते, तो यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है। श्रद्धा मोबाइल के संचालक ने बताया कि “हमने फुटेज पुलिस को दे दिया है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। दुकानदारी पर भी असर पड़ रहा है।”


इन घटनाओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। नागरिकों ने थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इन मामलों की जल्द जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में रात्रि गश्त को सख्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *