सारंगढ़: श्रमिक जनसंवाद सम्मेलन में लाखों की सहायता राशि वितरित
सारंगढ़ बिलाईगढ़ : श्रमिक जनसंवाद सम्मेलन जिला स्तरीय मंडी प्रांगण सारंगढ़ में आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रमिकों ने नवीन श्रम कार्ड पंजीयन और ई-केवाईसी कराए। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली।
सम्मेलन में श्रम एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि यह सम्मेलन श्रमिकों के लिए समर्पित है, जो विभिन्न योजनाओं का लाभ एक स्थान पर उपलब्ध कराता है। अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं के व्यापक लाभ पर प्रकाश डाला।
श्रमिक ईश्वर पटेल ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत अपने बच्चे की निःशुल्क शिक्षा का अनुभव साझा किया, जबकि हितग्राही चैतराम विश्वकर्मा की पुत्री ने भी योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री की विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 1,678 हितग्राहियों को 52.47 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम वर्षा बंसल, ज्योति लाल पटेल, जगन्नाथ केशरवानी, श्रम अधिकारी घनश्याम पाणीग्राही सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
